Fri. Jul 3rd, 2026

ई-20 पेट्रोल पर सियासत तेज, कांग्रेस ने केंद्र की तेल नीति और महंगाई पर उठाए सवाल

देहरादून। कांग्रेस ने केंद्र सरकार की महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और ई-20 ईंधन नीति को लेकर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के संचार विभाग के राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “अच्छे दिन” के वादे के विपरीत आज आम जनता महंगाई और आर्थिक बोझ से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों को जनता के बीच उजागर करेगी और जनविरोधी फैसलों के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी।

वैभव वालिया ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण बढ़ाने से ऐसे वाहनों के इंजन प्रभावित हो रहे हैं जो ई-20 ईंधन के अनुकूल नहीं हैं। उनका दावा है कि इससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और कई स्थानों पर वाहन मरम्मत केंद्रों पर भीड़ बढ़ रही है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इथेनॉल नीति के पीछे कुछ निजी हित जुड़े हैं और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने दावा किया कि यह नीति कुछ उद्योगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही उन्होंने ई-20 से इंजन खराब होने की स्थिति में बीमा दावों को लेकर भी चिंता जताई। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि इसका सीधा असर परिवहन लागत और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे आम जनता महंगाई की मार झेल रही है।

वैभव वालिया ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अधिक होने के बावजूद आम जनता को राहत देने के लिए सब्सिडी दी जाती थी। उन्होंने मौजूदा सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी कर जनता को राहत देने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार कुछ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए तेल की कीमतों में कमी नहीं कर रही है।

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे सहित कुछ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मानसून की पहली बारिश में कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि महंगाई और जनविरोधी नीतियों पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया तो कांग्रेस देशभर में आंदोलन को और तेज करेगी तथा जनता के बीच व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *