टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने की स्वगणना, जनपदवासियों से भी स्वगणना करने की अपील
टिहरी गढ़वाल: जनगणना-2027 (Census-2027) के अंतर्गत टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने स्वगणना की प्रक्रिया संपन्न की। इस दौरान जनपद के मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह एवं जनपद स्तर पर नियुक्त अपर सांख्यिकी अधिकारी धारा सिंह ने उन्हें स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराईं।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना के अंतर्गत स्वयं अपनी स्वगणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि स्वगणना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार एवं सदस्यों से संबंधित विवरण स्वयं सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज कर सकता है।
इससे गणनाकर्ताओं एवं आमजन दोनों का समय बचेगा तथा जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुगम होगी। उन्होंने कहा कि स्वगणना पहले ही पूर्ण कर लेने से गणनाकर्ताओं के घर पहुंचने पर आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने में आसानी होगी और गणना कार्य भी अधिक सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा।

