Thu. Nov 19th, 2026

SRTC, बादशाहीथौल में विकसित भारत युवा नेतृत्व कार्यक्रम (VBYP) का आयोजन

टिहरी गढ़वाल: माय भारत टिहरी गढ़वाल द्वारा एसआरटी परिसर, बादशाहीथौल में विकसित भारत युवा नेतृत्व कार्यक्रम (Viksit Bharat Young Leaders Programme – VBYP) 2026–27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” रहा। इस अवसर पर कुल 52 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी आशीष पंत द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर संक्षिप्त परिचय के साथ किया गया।

970x250 (Middle)

उन्होंने विकसित भारत युवा नेतृत्व कार्यक्रम की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रो. जे.डी.एस. नेगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं विशेषज्ञ शामिल रहे, जिनमें डॉ. शंकर लाल, एनएसएस वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी; डॉ. पी.सी. पन्यूली, पी.जी. कॉलेज, नई टिहरी; डॉ. अतुल कुमार, वानिकी महाविद्यालय, रानीचौरी; डॉ. रविंद्र धरावत, एसआरटी परिसर, बादशाहीथौल तथा श्री आयुष वर्मा, एनएसएस राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शामिल थे।

निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके विषय ज्ञान, विचारों की प्रस्तुति, अभिव्यक्ति एवं विषय की समझ के आधार पर किया गया। कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. सना रफीक, डॉ. आइरीन दास एवं सुश्री शिवानी मंवाल भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान सुश्री नीतू टम्टा (नर्सिंग कॉलेज, सुरसिंहधार) ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर सुश्री सलोनी कैंतुरा तथा तृतीय स्थान पर सुश्री नेहा कैंतुरा रहीं। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी 52 प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रतिभाग करेंगे, जिसका आयोजन विधानसभा भवन, देहरादून में किया जाएगा। वहां उन्हें राज्य स्तर पर टिहरी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए नशामुक्त युवा शक्ति का होना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, अभिव्यक्ति कौशल एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

“नशामुक्त युवा – विकसित भारत” के संकल्प के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *