पीएम आवास परियोजना की समीक्षा, मुख्य सचिव ने जल्द आवंटन के दिए संकेत
रुद्रपुर/देहरादून। बागवाला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का लाभार्थियों को जल्द आवंटन किया जाएगा। रविवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आवासों का शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को उनके घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी।
उन्होंने लाभार्थियों से ली जाने वाली अंशदान राशि की भी जानकारी प्राप्त की। जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक आवास के लिए तीन लाख रुपये की सहायता सरकार की ओर से दी जा रही है, जबकि तीन लाख रुपये का अंशदान लाभार्थी द्वारा जमा किया जाना है। उन्होंने बताया कि आवासों की साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है तथा परिसर में पौधारोपण कराया जा रहा है। साथ ही परिसर में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेंद्र नवानी, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
