Sun. Jun 28th, 2026

रेखा आर्या बोलीं: कला को सेवा से जोड़ना ही सच्ची राष्ट्र सेवा

देहरादून: दून मेडिकल कॉलेज के सभागार में रविवार को अनंत गोपाल संगीत मंच समिति एवं गुरुकुल के 51वें वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर गुरुकुल के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई अद्भुत नृत्य नाटिका “नारी तू नारायणी” ने समाज को महिला सशक्तिकरण का गहरा संदेश दिया, जिसने सभागार में मौजूद सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों ने जिस जीवंतता के साथ मंच पर नारी के विविध रूपों और उसकी असीम शक्ति को प्रदर्शित किया है, उसके लिए बच्चे और उनके गुरुजन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि नारी सचमुच नारायणी का रूप है, जो माँ के रूप में सृजन करती है और आवश्यकता पड़ने पर हमारी देवभूमि की वीरांगना तीलू रौतेली बनकर समाज की रक्षा भी करती है। मंत्री ने पिछले 51 वर्षों से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा दे रही संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को छात्रवृत्ति और निशुल्क शिक्षा देना एक पवित्र कार्य है, और कला को इस तरह सेवा भाव से जोड़ना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है।

उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को खूब पढ़ाने और उनके सपनों को पंख देने की अपील की। कैबिनेट मंत्री ने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि की हर बेटी के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है ताकि कोई भी बेटी अवसरों से वंचित न रहे। इस अवसर पर पदम श्री से सम्मानित लोग गायिका  माधवी बर्थवाल जी, आनंद गोपाल संगीत मंच की अध्यक्ष  प्रतिभा श्रीवास्तव , डॉक्टर यश श्रीवास्तव ,  नरेश भटनागर ,  ध्रुव भटनागर जी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *