एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सीएम धामी से साझा की मुलाकात
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में विजयी हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाला दायित्व युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ ही नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को व्यक्तिगत विकास के साथ संगठन और समाज के सशक्तिकरण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने एबीवीपी की संगठनात्मक भूमिका की चर्चा करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहितों के साथ राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए कार्य कर रही है।
संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन की मूल भावना और उद्देश्यों के अनुरूप छात्र-छात्राओं के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता से सुनिश्चित होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए छात्र-छात्राओं से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा की।
युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल माध्यमों, रोजगार के नए अवसरों और वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों का दौर है। ऐसे में युवाओं के लिए स्वयं को निरंतर अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने अध्ययन और विषय तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया में हो रहे बदलावों, नई तकनीकों, सामाजिक सरोकारों और रोजगार की बदलती संभावनाओं की जानकारी भी रखें।
उन्होंने कहा कि युवा जितना अधिक स्वयं को अपडेट रखेंगे, उतना ही उनका व्यक्तिगत विकास होगा और उनकी क्षमताओं का लाभ संगठन तथा समाज को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को समझने तथा समय के साथ अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने का समय नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व, संवाद, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का भी महत्वपूर्ण दौर है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे छात्र-छात्राओं के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करें और अपने व्यवहार एवं कार्यों से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनें।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राज्य एवं देश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति है। इस अवसर पर एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्रहितों से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।

