Sun. Oct 4th, 2026

नगर कीर्तन के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, निकलने से पहले जानें रूट

देहरादून। नगर कीर्तन के आयोजन के दृष्टिगत रविवार, 4 अक्टूबर को देहरादून शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नगर कीर्तन की शोभायात्रा दोपहर 12 बजे से गुरुनानक ग्राउंड, रेसकोर्स से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः गुरुनानक ग्राउंड में पहुंचकर समाप्त होगी। शोभायात्रा के दौरान यातायात को आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा।

यह रहेगा शोभायात्रा का मार्ग
गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स से शोभायात्रा रेसकोर्स चौक, प्रिंस चौक, रेलवे स्टेशन (आढ़त बाजार), दर्शनी गेट, कोतवाली नगर के सामने से कालिका मंदिर रोड, प्रभात डेयरी खुड़बुड़ा, तिलक रोड, झंडा बाजार, सहारनपुर चौक, गुरुद्वारा सिंह सभा आढ़त बाजार, प्रिंस चौक, त्यागी रोड, रेस्ट कैंप चौक होते हुए पुनः गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स पहुंचेगी।

चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट होगा यातायात
शोभायात्रा के गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स से रवाना होने पर बन्नू स्कूल चौक से रेसकोर्स चौक की ओर आने वाले यातायात को चंदर नगर एवं गुरुनानक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं रेसकोर्स चौक से बन्नू स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को सीएमआई एवं आराघर मार्ग से भेजा जाएगा। शोभायात्रा के रेसकोर्स चौक पहुंचने पर यातायात को सीएमआई चौक से सुभाष रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा के प्रिंस चौक पार करने पर सहारनपुर रोड से आने वाले यातायात को आवश्यकता के अनुसार पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक एवं रेलवे स्टेशन की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सहारनपुर रोड की ओर जाने वाले यातायात को रेसकोर्स, धर्मपुर चौक एवं माता मंदिर रोड होते हुए आईएसबीटी की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के रेलवे स्टेशन गेट पहुंचने पर सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को पटेलनगर मंडी से जीएमएस रोड की ओर तथा बल्लीवाला की ओर से सहारनपुर चौक आने वाले यातायात को बल्लूपुर चौक एवं आईएसबीटी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा दर्शनी गेट पार करने के बाद संबंधित डायवर्ट किए गए मार्गों पर यातायात को चरणबद्ध तरीके से सामान्य किया जाएगा।

शोभायात्रा के बिंदाल से तिलक रोड पहुंचने पर बिंदाल चौक से तिलक रोड की ओर जाने वाले यातायात को घंटाघर की ओर से भेजा जाएगा। शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने पर बल्लीवाला, पटेलनगर मंडी, लालपुल एवं मातावाला से यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा के प्रिंस चौक पार करने पर प्रिंस चौक से त्यागी रोड की ओर जाने वाले यातायात को हरिद्वार रोड की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद पटेलनगर मंडी, लालपुल एवं बल्लीवाला चौक से यातायात व्यवस्था को सामान्य किया जाएगा। शोभायात्रा के अम्बर पैलेस तिराहे पर पहुंचने पर बन्नू स्कूल चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यातायात को रेसकोर्स मार्ग से भेजा जाएगा। शोभायात्रा के गुरुद्वारा ग्राउंड पहुंचने के बाद सभी डायवर्ट किए गए स्थानों से यातायात को सामान्य कर दिया जाएगा।

इन स्थानों पर रहेगा डायवर्जन/बैरियर
मातावाला बाग
लालपुल
पटेलनगर मंडी
रेलवे स्टेशन
प्रिंस चौक
बल्लीवाला चौक
बन्नू स्कूल
सीएमआई चौक
रेसकोर्स चौक
तहसील चौक

पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नगर कीर्तन के मद्देनजर दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों का अनावश्यक प्रयोग करने से बचें। आमजन से यथासंभव दोपहिया वाहनों का प्रयोग करने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का अनुरोध किया गया है, ताकि नगर कीर्तन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *