मशरूम की खेती से खुलेंगे स्वरोजगार और सतत आजीविका के नए द्वार: विशेषज्ञ
-
एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में पाँच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में सोमवार को पाँच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों एवं युवा उद्यमियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण एवं विपणन के माध्यम से स्वरोजगार और सतत आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।
पाँच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों एवं प्रदेश के विश्वविद्यालयों के छात्र/ छात्राऐं, किसान उद्यमी, मशरूम उत्पादक उद्यमियों सहित कुल ३५ प्रतिभागी प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि मशरूम की खेती पर्वतीय क्षेत्रों में आजीविका के नए आयाम विकसित करने की अपार संभावनाएं रखती है। उन्होंने ग्रामीण युवाओं को मशरूम आधारित उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रीय जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप गुच्छी (मोरेल) मशरूम की खेती की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि नवीन पटवाल ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी मशरूम उत्पादन यात्रा वर्ष 2007 में रुड़की से शुरू हुई थी। वर्ष 2012 में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 2016 तक लगभग चार एकड़ भूमि में अपने कार्य का विस्तार किया। उन्होंने कहा कि मशरूम व्यवसाय में सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण स्पॉन, वैज्ञानिक उत्पादन पद्धतियों, उचित पैकेजिंग, वितरण और प्रभावी विपणन का विशेष महत्व है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रोफेसर नारायण सिंह पंवार ने मशरूम के संरक्षण, भंडारण एवं परिवहन में प्रसंस्करण तकनीकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने मशरूम के मूल्य संवर्धन और बाजार में बेहतर संभावनाएं विकसित करने के लिए सुखाने एवं वैक्यूम ड्राइंग जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान ऑयस्टर, मिल्की, पिंक ऑयस्टर, शिटाके, किंग ऑयस्टर, स्ट्रॉ एवं गुच्छी मशरूम की उत्पादन तकनीकों के साथ प्रसंस्करण, सुखाने, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में मशरूम आधारित उत्पादों के माध्यम से उद्यमिता विकास और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. यादव प्रसाद रैवनी, प्रो. एच. बी. एस. चौहान, निदेशक बिड़ला परिसर, प्रो. अजित नेगी, प्रो. डी. एस. चौहान, प्रो. वी. पी. चमोला, प्रो. वी. के.पुरोहित, डा. डी. के. राणा, डॉ. नाशिर शाह, डॉ. टी.एस. विप्ट, डॉ. विवेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह-संयोजक डॉ. संतोष सिंह रावत, कार्यक्रम संयोजक सचिव डॉ. अंकित सती, मॉडरेटर डॉ. रमेश चंद्र नौटियाल एवं डॉ. ऋषिका नेगी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर शोधार्थी प्रणव सिंह, मयंक रावत एवं मुकेश कुमार अभय सिंह, शैलेन्द्र तिवारी सहित प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों में मशरूम उत्पादन को एक व्यवहारिक आजीविका विकल्प, कृषि उद्यमिता के अवसर और ग्रामीण विकास के प्रभावी माध्यम के रूप में प्रोत्साहित करने की पहल की गई।

