Mon. Nov 16th, 2026

डीएम द्वारा प्रेस दिवस की शुभकामनाएं, आमजन को जागरूक करने की अपील

‎टिहरी: राष्ट्रीय प्रेस दिवस (National Press Day) के अवसर पर जिला कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। पत्रकारों ने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण स्वयं दर्ज कर जनगणना की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया, इसकी उपयोगिता तथा ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पत्रकारों की स्व-गणना से संबंधित जिज्ञासाओं और सवालों का समाधान भी किया गया।
‎
‎इस दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेस लोकतंत्र और समाज के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के विषयों को समाज तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने का आधार है। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्व-गणना की डिजिटल सुविधा के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

970x250 (Middle)

उन्होंने पत्रकारों से इस सुविधा की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने की अपील की। ‎जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तराखण्ड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर, 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना के तहत परिवार का मुखिया अथवा परिवार का कोई वयस्क सदस्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार घर-परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी भर सकता है।

इससे नागरिकों को अपनी सुविधानुसार घर बैठे विवरण दर्ज करने का अवसर मिलेगा और जनगणना प्रक्रिया में उनकी प्रत्यक्ष सहभागिता सुनिश्चित होगी। ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के बाद प्राप्त होने वाली संदर्भ आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक है, जिसे बाद में घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराया जा सकता है। ‎स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इस दौरान प्रगणक परिवारों से संपर्क कर आवश्यक विवरणों का सत्यापन एवं संकलन करेंगे।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें। ‎इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, अध्यक्ष प्रेस क्लब अनुराग उनियाल, महासचिव विजय गुसाईं, वरिष्ठ पत्रकार गोविंद बिष्ट, देवेंद्र दुमोगा, जयप्रकाश पांडे, अमनदीप भट्ट, जोत सिंह बगियाल, जगत तोपाल, मुकेश रतूड़ी, अब्बल चंद रमोला, बलवंत रावत, सूर्या रमोला, रोशन थपलियाल, यशपाल सजवाण, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जनगणना केशव गैरोला, मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह, फील्ड ट्रेनर रमा रतूड़ी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *