रजिस्ट्री की समस्या के समाधान का रास्ता तलाशेगी ‘जन की बात’: थापर
देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर विंग-3 में एमडीडीए पार्क के सामने स्थित बारात घर में ‘जन की बात, अभिनव थापर के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, जनसरोकारों और विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं मातृशक्ति को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि ‘जन की बात’ का उद्देश्य राजनीतिक मंच से केवल बातें करना नहीं, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की दिशा में ठोस रोडमैप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और सुझावों से ही समाधान का रास्ता निकलेगा।
थापर ने प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री के मुद्दे को प्रमुख जनसमस्या बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 17 रजिस्ट्रियों के माध्यम से इस दिशा में प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन उनके अनुसार पिछले एक दशक से यह विषय आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने कहा कि ‘जन की बात’ के माध्यम से विस्थापित परिवारों की समस्या को विस्तार से समझते हुए इसके समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विस्थापितों की रजिस्ट्री के अलावा सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाएं, शिक्षा, नालों की सफाई, पेयजल, जलभराव और सड़क सहित अन्य बुनियादी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाएगा। जनता से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर चरणबद्ध तरीके से समाधान का रोडमैप तैयार करने की बात उन्होंने कही।
थापर ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से अनेक मूलभूत समस्याएं जनता के सामने हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रखने के बजाय जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर समाधान की दिशा में ठोस पहल की आवश्यकता है। ‘जन की बात’ को उन्होंने जनता की आवाज को प्राथमिकता देने और स्थानीय समस्याओं को व्यवस्थित ढंग से उठाने का माध्यम बताया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेमनगर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष कैलाश वाल्मीकि ने किया। इस अवसर पर प्रेमनगर कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, वाल्मीकि सेवा समिति के अध्यक्ष आशीष देसाई, मांगेराम, अनूप शर्मा, ललिता शर्मा, चंद्रमोहन शर्मा, भुवनेश तलवार एवं सुरेंद्र लांबा सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, मातृशक्ति एवं युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और सुझावों को प्रमुखता से सामने रखा।
‘जनता की बात, जनता के साथ—समाधान की ओर एक कदम।’

