बाहरी राज्यों से आने-जाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की बढ़ी हुई सतर्कता के बीच अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं सहित प्रमुख आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान की निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील स्थानों, बाजारों तथा प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि विभिन्न बैरियरों पर आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की पहचान संबंधी जांच की जा रही है।
अभियान के तहत पुलिस टीमों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, बिना सत्यापन के घूम रहे व्यक्तियों की जांच करने तथा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। दून पुलिस ने आमजन से भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि अपराधों की रोकथाम और जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
