भाजपा के प्रकोष्ठ संगठन की असली ताकत, विपक्ष जमीन पर नदारद : धामी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण के बल पर आज देश की सबसे मजबूत और अजेय राजनीतिक शक्ति बनी हुई है। उन्होंने पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर आगामी चुनावों में पार्टी की जीत को और अधिक प्रचंड बनाने का कार्य करें।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति करने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों के बीच संगठन का प्रभावी सेतु हैं, जो भाजपा की विचारधारा और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। यही कारण है कि पार्टी ने आपदा प्रबंधन, स्वयं सहायता समूह, पर्यटन, चिकित्सा, सहकारिता, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रकोष्ठ गठित किए हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दल चुनाव के समय जनता के बीच जाते हैं, जबकि भाजपा के कार्यकर्ता वर्षभर समाज सेवा और जनहित के कार्यों में जुटे रहते हैं।
आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील हिमालयी राज्य में आपदा के समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवा की है। उन्होंने प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की ऐसी टीम तैयार करने का आह्वान किया जो आपदा की स्थिति में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में जुट सके।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भाजपा की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लाखों महिलाएं आज आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर महिलाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़ने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ अभियान को गति देने का आह्वान किया।
पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। चारधाम यात्रा और सीमांत क्षेत्रों में बढ़ती पर्यटक संख्या इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जुड़ी संभावनाओं और राज्य में हुए विकास कार्यों की जानकारी देने में प्रकोष्ठों की अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जहां विकासवाद और राष्ट्रवाद के एजेंडे पर कार्य कर रही है, वहीं विपक्ष नकारात्मकता, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति में उलझा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न नीति है, न नियत और न ही नेतृत्व। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता धरातल पर जनता के बीच रहकर सेवा करते हैं, जबकि विपक्ष केवल सोशल मीडिया और बयानबाजी तक सीमित है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के कथित दुष्प्रचार और अफवाहों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने तथा जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र और राज्य सरकारों के विकास कार्यों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर भाजपा लगातार मजबूत हो रही है।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों में पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में प्रकोष्ठों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को शीघ्र मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन पूरा करने और बूथ-बूथ कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी सहित सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे।
