राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में डिजिटल जनगणना एवं स्व-गणना (Self Enumeration) पर कार्यशाला आयोजित
टिहरी गढ़वाल: राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में आज डिजिटल जनगणना एवं स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व तथा स्व-गणना प्रपत्र भरने की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यशाला में तहसील नरेंद्रनगर से पधारे ट्रेनर सुनील डंगवाल ने विद्यार्थियों को स्व-गणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यूजर नेम बनाने, पोर्टल पर लॉग-इन करने तथा आवश्यक जानकारियां दर्ज करते हुए स्व-गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रायोगिक रूप से पूरी प्रक्रिया करके दिखाई गई, जिससे वे स्वयं भी आसानी से डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकें।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में डिजिटल जनगणना के महत्व एवं इसके विभिन्न लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक एवं प्रभावी बन सकती है। इससे आंकड़ों के संकलन में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी।
कार्यशाला में डॉ. मीनाक्षी ने विद्यार्थियों को स्व-गणना के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि डिजिटल जनगणना के दौरान अपनी जानकारी सावधानीपूर्वक एवं सही तरीके से दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने डेटा की गोपनीयता एवं सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन स्कैम से बचने के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें डॉ. इरा सिंह, डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी, डॉ. शनावर सहित कार्यालय के समस्त सदस्य शामिल रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया से परिचित कराना तथा उन्हें स्व-गणना के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

