Thu. Nov 26th, 2026

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, आवश्यक निर्देश जारी

टिहरी गढ़वाल: जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल (Nitika Khandelwal) की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद टिहरी में माह जनवरी से अक्टूबर तक घटित सड़क दुर्घटनाओं का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया गया। इसमें दुर्घटनाओं का माहवार, क्षेत्रवार, थानावार, वाहनवार, समयवार, कारणवार एवं मार्गवार विश्लेषण किया गया।

970x250 (Middle)

बैठक में 17 नवंबर को गुलर में हुई सड़क दुर्घटना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) की गाइडलाइंस के अनुरूप अधिकृत एवं प्रमाणित रोड सेफ्टी कंसल्टेंट के माध्यम से मुनि की रेती से कीर्तिनगर तक सड़क का सेफ्टी ऑडिट कराया जाए, ताकि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी तीव्र मार्गों पर रिफ्लेक्टर शीघ्र लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत किए जा रहे कार्यों की प्रगति एवं अनुपालन रिपोर्ट आगामी बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। बैठक में बीआरओ द्वारा सड़क मार्गों पर किए जा रहे पैचवर्क एवं रम्बल स्ट्रिप निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई।

साथ ही जनपद में क्रैश बैरियर स्थापित किए जाने के कार्यों की प्रगति तथा परिवहन विभाग द्वारा नई सड़कों के संबंध में किए गए निरीक्षण एवं अनुमोदन की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। बैठक में सूचना विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल एवं परिवहन सहायता योजना (पीएम राहत योजना) के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने आरटीओ एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना का अधिकतम लाभ मिल सके। अवगत कराया कि प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जनपद में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं वाहन चलाते समय चालक का ध्यान भटकने तथा लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई हैं। वहीं, क्षेत्रवार विश्लेषण में देवप्रयाग क्षेत्र में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।

इस दौरान परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा दुर्घटना कारक अभियोगों में की गई कार्रवाई का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। उक्त बैठक में एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम धनौल्टी अंशुल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राम प्रकाश, सीओ टिहरी चंद्र मोहन, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के एस नेगी, अधिशासी अभियंता राजेंद्र टम्टा, परिवहन विभाग से ज्योति शंकर मिश्रा, राजेंद्र विराटिया, Irad से रवींद्र चौहान, पीएमजीएसवाई से अविनाश सैनी, बीआरओ से एस एस रावत आदि संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *