जिला स्तरीय राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक, विभागवार समीक्षा
टिहरी गढ़वाल: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल (District Officer Nitika Khandelwal) की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की अक्टूबर माह तक की राजस्व प्राप्तियों, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष वसूली तथा प्रवर्तन कार्रवाई की विभागवार समीक्षा की गई। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान 01 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक जनपद के विभिन्न थानों में आबकारी, एनडीपीएस, शस्त्र एवं गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न अधिनियमों के तहत की गई कार्रवाई का थानावार विवरण प्रस्तुत किया गया।
इसके साथ ही पुलिस एक्ट, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की विभिन्न धाराओं, कोटपा एक्ट एवं मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी गई। जिलाधिकारी ने जिला कार्यालय में उपलब्ध शस्त्र लाइसेंस के आंकड़ों का पुलिस विभाग के अभिलेखों से मिलान कर डाटा का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा।
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अक्टूबर 2026 तक वर्तमान वित्तीय वर्ष में 756.16 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि गत वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 731.74 लाख रुपये की प्राप्ति हुई थी। वाहन चेकिंग एवं प्रवर्तन कार्रवाई के तहत गत वर्ष अक्टूबर तक 4,103 चालान किए गए थे, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 4,139 चालान किए गए। प्रशमन शुल्क के रूप में गत वर्ष 64.10 लाख रुपये की तुलना में वर्तमान वर्ष में 71.91 लाख रुपये की वसूली की गई है। इसके अतिरिक्त जारी वसूली पत्रों एवं उनके सापेक्ष हुई वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर माह तक 90.52 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि गत वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 86.50 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई थी। इस प्रकार राजस्व प्राप्ति में 4.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, अक्टूबर माह तक विभाग द्वारा 782 छापेमारी की गई, जिनमें 86 अभियोग दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 1,117.32 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद करने के साथ ही 70 वाहन जब्त किए गए। अभियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान अधीनस्थ न्यायालयों एवं सत्र न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति की जानकारी ली गई।
प्रस्तुत विवरण के अनुसार अधीनस्थ न्यायालयों में आबकारी अधिनियम के 59, आयुध अधिनियम के 10, आईटी एक्ट के 6, एनडीपीएस एक्ट के 17, विदेशी अधिनियम के 2 तथा कॉपीराइट एक्ट का 1 वाद लंबित है। इस प्रकार विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत कुल 95 वाद लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन प्रकरणों में प्रभावी पैरवी करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नवंबर माह तक शत-प्रतिशत राशन उठान एवं वितरण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
जनपद में 12 शीतकालीन खाद्यान्न भंडार हैं, जिनमें 30 नवंबर तक राशन पहुंचा दिया जाएगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में 15 दिसंबर तक खाद्यान्न उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने गैस की बैकलॉग स्थिति तथा जनपद में बनाए गए राशन कार्डों की संख्या की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त विजिट रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाएं तथा उनमें सामने आई कमियों एवं प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को अपने अधीनस्थ कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
बालगंगा तहसील में राजस्व वसूली की प्रगति कम पाए जाने पर उन्होंने वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में अमीनों के स्वीकृत पदों एवं रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में राजस्व वसूली पूरी हो चुकी है, वहां तैनात अमीनों को अन्य क्षेत्रों में वसूली कार्य में लगाया जाए, ताकि लंबित वसूली में तेजी लाई जा सके। खाद्य संरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य पदार्थों की नियमित जांच एवं सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में विभाग द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले आंकड़ों का राज्य स्तर के आंकड़ों से मिलान कराते हुए सही एवं अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि राजस्व प्राप्ति से संबंधित आंकड़े निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष स्पष्ट एवं अद्यतन स्थिति में प्रस्तुत करें। प्रत्येक विभाग अपनी रिपोर्ट में वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य, अब तक की गई वसूली तथा शेष वसूली का स्पष्ट विवरण अनिवार्य रूप से शामिल करे। उन्होंने लंबित राजस्व वसूली के प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण करने, बकायेदारों से नियमानुसार वसूली करने तथा राजस्व वृद्धि की संभावनाओं वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने विभागीय आंकड़ों में स्पष्टता एवं एकरूपता बनाए रखने तथा निर्धारित समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बैठकों में राजस्व प्राप्तियों की तुलनात्मक समीक्षा की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी धनौल्टी अंशुल भट्ट, उप जिलाधिकारी टिहरी अजयवीर सिंह, एआरटीओ राजेंद्र विराटिया, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

