Wed. Jun 24th, 2026

विशेष शिविर बना जनसहायता का माध्यम, 300 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

देहरादून। समाज के अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को पटेल नगर स्थित संजय कॉलोनी के वाल्मीकि मंदिर परिसर में विशेष कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में सफाई कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही सहायता प्रदान की गई।

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित पेंशन एवं ऋण योजनाओं के तहत 300 से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनके आवेदन पत्र भी भरवाए गए।

वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए दो महालक्ष्मी किट, पांच किशोरी किट तथा दो गोद भराई किट वितरित की गईं। शिविर का मुख्य आकर्षण भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से 45 वरिष्ठ नागरिकों को 130 सहायक उपकरणों का वितरण रहा। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सविता कपूर ने बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर ने कहा कि समाज कल्याण विभाग का यह प्रयास सराहनीय है। ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित के ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक दिगंबर सजवाण, क्षेत्रीय पार्षद डोली रानी मोहन, विशाल बिरला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *