मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान जरूरी: अभिनव थापर
देहरादून। प्रेमनगर स्थित डी.ए.वी. इंटर कॉलेज में ब्रह्नकमल शक्ति संस्था द्वारा आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह” में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में कौलागढ़, प्रेमनगर, पण्डितवाड़ी, बल्लूपुर एवं कैंट क्षेत्र के पांच विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, गुरुजनों एवं प्रधानाचार्यों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। समारोह में कुल 289 छात्र-छात्राओं, 180 अभिभावकों तथा 27 गुरुजनों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत सफलता का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि मेधावी युवा समाज, प्रदेश और राष्ट्र निर्माण का भविष्य हैं तथा उन्हें प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में खण्ड विकास अधिकारी कुंदन सिंह, प्रधानाचार्य विजय सिंह राजपूत, संस्था उपाध्यक्ष अमिता आहूजा, शालिनी कुड़ियाल, शिवानी पेटवाल, पूनम नेगी, अनीता जोशी, डी.ए.वी. प्रेमनगर विद्यालय के 1969 बैच के पूर्व छात्र अर्जुन कोहली, अवदेश कुमार एवं मोहित ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
