स्वतंत्रता दिवस को लेकर दून पुलिस मुस्तैद, पूरे जिले में चेकिंग अभियान हुआ तेज
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस द्वारा सीमावर्ती चेकपोस्टों से लेकर आंतरिक मार्गों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की विभिन्न टीमें संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखते हुए आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन की कार्रवाई कर रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनपद की सीमाओं के साथ ही प्रमुख आंतरिक मार्गों पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध रूप से घूमते पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान एवं सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख बाजारों, मॉल, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा डॉग स्क्वाड एवं बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) के साथ आकस्मिक चेकिंग की जा रही है। होटल, धर्मशाला एवं गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों की जानकारी भी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है। संवेदनशील एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए नगर और देहात क्षेत्र में संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों द्वारा फ्लैग मार्च किया गया।
इस दौरान आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और स्वतंत्रता दिवस का पर्व आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
