Tue. Jul 14th, 2026

एसआईटी जांच में नया मोड़, बद्रीनाथ धाम प्रकरण में कर्मचारी पर शिकंजा

चमोली: भारत के प्रमुख आस्था केंद्र श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने त्वरित एवं साक्ष्य आधारित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है । श्री बद्रीनाथ धाम में लोगों की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण में शासन द्वारा इसका गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया गया। 08.07.2026 को श्री युद्धवीर पुष्पवान, प्रभारी मंदिर अधिकारी, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा कोतवाली श्री बद्रीनाथ में लिखित तहरीर देकर अवगत कराया गया कि दिनांक 02 जुलाई को श्री बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना प्राप्त होने पर अध्यक्ष श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के आदेशानुसार विभागीय जांच समिति गठित की गई।

प्राथमिक जांच में प्रथम दृष्टया मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा थाली भेंट गणना स्थल से मंदिर की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से अपने निजी हित में ले जाने की पुष्टि हुई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में मु0अ0सं0-06/2026 अंतर्गत धारा 306 एवं 316(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामला देश के प्रमुख तीर्थस्थल श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था एवं मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के निकट पर्यवेक्षण में विशेष जॉच टीम (SIT) गठित की गई तथा विवेचना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री बद्रीनाथ महादेव प्रसाद उनियाल द्वारा प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, वादी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा विगत 02 जुलाई 2026 की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया गया। *फुटेज में अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को कई बार गणना कक्ष से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाते हुए पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला एवं केसर का पैकेट गणना कक्ष से अवैध रूप से अपने कब्जे में लिया। विवेचना के दौरान अब तक वादी सहित विभिन्न सम्बन्धित गवाहों के बयान अंकित किए जा चुके हैं तथा सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य दस्तावेजों के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त हुए है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गठित पुलिस टीम द्वारा दिनांक 12.07.2026 को रात्रि लगभग 10:00 बजे अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया जिसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *