ऑपरेशन प्रहार में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20.06 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
विकासनगर में दो शातिर तस्कर दबोचे
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दिलशाद उर्फ शानू को ऑल्टो कार से 7.69 ग्राम स्मैक तथा जावेद को 5.96 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। मौके से तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार (यूके-07 बीटी-3409) भी जब्त कर ली गई।
डोईवाला में 6.41 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
कोतवाली डोईवाला पुलिस ने तेलीवाला रोड पर चेकिंग के दौरान फरीद निवासी नियामवाला को 6.41 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार फरीद पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस का अभियान जारी
एसएसपी देहरादून ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए दून पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी अभियान जारी रहेगा।
