Tue. Jul 14th, 2026

आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग की जनपदीय प्रवर्तन टीम ने सोमवार को बालावाला क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर तीन अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त  प्रेरणा बिष्ट एवं आबकारी निरीक्षक जयबीर सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने 14 जुलाई 2026 को बालावाला के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग और दबिश अभियान चलाया।

सबसे पहले हाथीखाना चौक के निकट रोड चेकिंग के दौरान उमेश कुमार पुत्र रणबीर सिंह को स्कूटी संख्या UK07 AH 7412 के साथ गिरफ्तार किया गया। स्कूटी से 12 बोतल एमसीडी व्हिस्की तथा 24 पव्वे इंपीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद हुए। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर स्कूटी एवं शराब जब्त कर ली गई। इसके बाद टीम ने भगवान दास चौक स्थित तुला वाटिका वेडिंग प्वाइंट के सामने पवन कुमार पुत्र सुरेश कुमार की मीट की दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 6 पेटियों में 270 पाउच माल्टा देशी शराब, 46 पव्वे इंपीरियल ब्लू व्हिस्की तथा 29 पव्वे रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद की गई।

आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अभियान के तीसरे चरण में मालसी पुलिया के निकट पूरण थापा पुत्र नन्द बहादुर थापा के कब्जे से 90 पव्वे माल्टा टेट्रा पैक देशी शराब एवं 24 कैन बी यंग बीयर बरामद की गई। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अंग्रेजी शराब – 12 बोतल एवं 99 पव्वे, बीयर – 24 कैन, देसी शराब – 360 पव्वे

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *