Sun. Jun 28th, 2026

केतन के परिजनों से मिलने जा रहे सांसद चंद्रशेखर और विधायक उमेश को हरिद्वार पुलिस ने रोका, धक्का मुक्की के बाद धरने पर बैठे

हरिद्वार।  टिहरी गढ़वाल के चर्चित केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर रावण और खानपुर विधायक उमेश कुमार को हरिद्वार पुलिस ने शंकराचार्य चौक पर रोक दिया। जिससे दोनों नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। धक्का मुक्की के बीच सांसद चंद्रशेखर रावण के कपड़े तक फट गए। विरोध जताते हुए दोनों नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। रविवार को दोनों नेताओं का काफिला टिहरी कूच करने की सूचना पर हरिद्वार का पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट था। सुबह से शंकराचार्य चौक पर स्थानीय पुलिस के साथ बड़ी संख्या में पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए थे।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र को छावनी बना दिया गया। जैसे ही सांसद चंद्रशेखर रावण और विधायक उमेश कुमार का काफिला शंकराचार्य चौक पहुंचा, पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद दोनों नेता गाड़ियों से उतरकर पैदल आगे बढ़ने लगे। उनके साथ समर्थक भी मौजूद थे। लेकिन पुलिस बल ने उन्हें चौक से आगे नहीं जाने दिया। इस दौरान पुलिस और नेताओं के बीच आगे जाने को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में धक्का मुक्की तक पहुंच गई। अफरा तफरी के बीच सांसद चंद्रशेखर रावण के कपड़े भी फट गए।

मौके पर मौजूद एसपी सिटी अभय सिंह और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने दोनों नेताओं को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया और आगे नहीं बढ़ने की अपील की। दोनों नेता पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर चौक किनारे ही धरने पर बैठ गए। विधायक उमेश ने कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी उन्हें मौके पर आकर पीड़ित परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी सुनिश्चित नहीं करते, तब तक वो धरने पर बैठे रहेंगे। वहीं वीकेंड पर शंकराचार्य चौक पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और जाम के कारण लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी।

फिलहाल पुलिस अधिकारी दोनों नेताओं से वार्ता कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। चंद्रशेखर रावण ने पुलिस कर्मियों पर उनके साथ अभद्रता और गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार के आग्रह पर ही वो उनसे मिलने जा रहे थे लेकिन पुलिस उन्हें आगे जाने नहीं दे रही है। उन्होंने साफ तौर से कहा कि वो पीड़ित परिवार से मिलकर रहेंगे, चाहे उसके लिए कोई कितना भी जोर लगा ले।   -चंद्रशेखर, सांसद, नगीना लोकसभा

विधायक उमेश कुमार ने कहा कि केतन हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार को आरोपियों से जान का खतरा बना हुआ है। सरकार और प्रशासन को उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक प्रयास जारी रहेगा।  -उमेश कुमार, विधायक, खानपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *