Tue. Jun 23rd, 2026

हेमकुंट यात्रा सुचारु, श्रद्धालुओं ने अफवाहों को किया खारिज

गोविंदघाट: हेमकुंट साहिब यात्रा पर आए श्रद्धालुओं ने यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों को निराधार बताते हुए कहा है कि यात्रा पूरी तरह सुचारू और सुरक्षित ढंग से संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं ने पुलिस-प्रशासन, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए अन्य श्रद्धालुओं से भी निश्चिंत होकर यात्रा करने की अपील की है।

पंजाब से अपने परिवार के साथ हेमकुंट साहिब के दर्शन के लिए आई श्रद्धालु सुखबीर कौर ने बताया कि वह 19 जून को यात्रा पर निकली थीं। यात्रा शुरू करने से पहले उन्हें कई लोगों ने विभिन्न प्रकार की आशंकाओं के बारे में बताया था, लेकिन वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग निकली। मंगलवार को गोविंदघाट लौटने पर उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

सुखबीर कौर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी यात्रा संचालन में पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। मार्ग में चिकित्सा सुविधाएं, भोजन, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का सहयोग भी यात्रियों के लिए अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज और लोकप्रियता हासिल करने के लिए यात्रा को लेकर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देकर वास्तविक जानकारी के आधार पर यात्रा करने की अपील की।

यात्रा पूरी कर चुके अन्य तीर्थयात्रियों ने भी अपने वीडियो संदेशों में कहा कि भारी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन लगातार सहयोग कर रहा है तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि हेमकुंट साहिब यात्रा की वास्तविक स्थिति पूरी तरह सामान्य है और स्थानीय समुदाय, प्रशासन तथा सेवा संगठनों के सामूहिक प्रयासों से यात्रा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *