Fri. Oct 30th, 2026

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को किया जागरूक

टिहरी गढ़वाल: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में चलाए जा रहे विशेष जन-जागरूकता अभियान के तहत टिहरी पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों, पेंटिंग, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, महिला सुरक्षा एवं विभिन्न सामाजिक तथा कानूनी विषयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली चंबा पुलिस द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उनियालसारी, पुरानी टिहरी रोड चंबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

970x250 (Middle)

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को छेड़छाड़, महिला अपराधों एवं साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने हेतु हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 (वुमेन पावर लाइन) एवं 181 (महिला हेल्पलाइन) के संबंध में भी अवगत कराया गया। पुलिस द्वारा विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशे की रोकथाम, यातायात जागरूकता एवं राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निबंध लेखन के माध्यम से अपनी विचार अभिव्यक्ति का अवसर दिया गया।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता, रचनात्मक सोच तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना है। साथ ही कोतवाली चंबा पुलिस द्वारा देहरादून डिफेंस कॉलेज, कुमाल्डा में साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं राष्ट्रीय एकता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल, फिशिंग लिंक एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों एवं युवा पीढ़ी पर इसके घातक प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकगण एवं लगभग 150 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसी क्रम में कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर, मढ़ी चौरास, कीर्तिनगर में वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशे के दुष्प्रभाव, पॉक्सो अधिनियम के तहत बाल सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

वहीं कोतवाली कैम्पटी पुलिस द्वारा चौकी नैनबाग क्षेत्रान्तर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, द्वारकापुरी में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन परिचय एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों, सोशल मीडिया प्राइवेसी एवं ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त कोतवाली नई टिहरी पुलिस द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विश्वकर्मा पुरम में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। टिहरी पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार एवं सशक्त नागरिक बनाना भी है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना विकसित करने, महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नशा एवं साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों से बचाव का संदेश दिया जा रहा है।

टिहरी पुलिस की अपील: विद्यार्थी किसी भी प्रकार के साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न अथवा अन्य असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *