कांग्रेस का भाजपा पर निशाना, कहा- भेदभाव की राजनीति से बाहर आए पार्टी
देहरादून: हल्द्वानी में आठ अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस प्रकरण को सामाजिक सौहार्द, लोकतांत्रिक मर्यादा और संविधान की मूल भावना से जोड़ते हुए प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर सोमवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों के थानों, कोतवालियों और पुलिस रिपोर्टिंग चौकियों में पहुंचकर तहरीर दी। कांग्रेस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था में किसी राजनीतिक दल अथवा उसके राष्ट्रीय नेता की उपस्थिति के बाद सार्वजनिक मंच का कथित ‘शुद्धिकरण’ करना सामाजिक समरसता के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि घटना को पर्याप्त समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।
कांग्रेस ने पुलिस को दी गई तहरीरों में संबंधित असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की कथित भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानून का शासन सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी शिकायत पर पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
‘राजनीतिक भेदभाव नहीं, कानून का राज चाहिए’
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा यदि स्वयं को लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों में विश्वास रखने वाला राजनीतिक संगठन मानती है तो उसे ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के प्रभाव में कार्रवाई में भेदभाव लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पार्टी सामाजिक समरसता, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। समाज में नफरत, भेदभाव और राजनीतिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली किसी भी गतिविधि का पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
कार्रवाई नहीं हुई तो सचिवालय कूच प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दसौनी ने जानकारी देते हुए कहा कि इस गंभीर प्रकरण को लेकर प्रदेश कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के निर्देश पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सचिवालय कूच किया जाएगा।
कार्यक्रम:
दिनांक : 1 सितंबर 2026
समय : प्रातः 10:30 बजे
स्थान : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से सचिवालय कूच
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई तहरीरों पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपने आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।
