आंगनबाड़ी केंद्र में उमड़ा मातृशक्ति का सैलाब, भाजपा नेता अंकित काला रहे मौजूद
डोईवाला। सेवा संकल्प अभियान (Service Resolve Campaign) के अंतर्गत अठूरावाला स्थित जोगियाणा आंगनबाड़ी केंद्र में “आंगन को मिलन” कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकित काला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अंकित काला ने आंगनबाड़ी सहायिका नीमा सकलानी के साथ लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की। वहीं, समाज सेवा एवं बाल विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा उपस्थित गर्भवती महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर पारंपरिक रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी सादगी और गरिमा के साथ संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आंगनबाड़ी केंद्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्य अतिथि अंकित काला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और प्रदेश सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों से समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी मातृशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नौनिहालों के भविष्य को संवारने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा उनका सम्मान करना गौरव की बात है।कार्यक्रम में क्षेत्र की प्रबुद्ध मातृशक्ति, लाभार्थी महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के साथ बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे।
