न्यू एरा अकादमी के नाम अंडर-19 ट्रॉफी, रोमांचक मैच में निंबस को दी मात
देहरादून। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ दून के तत्वावधान में आयोजित प्रथम स्वर्गीय श्री इंदरजीत सिंह मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का खिताबी मुकाबला अल्फा क्रिकेट ग्राउंड में रोमांच के चरम पर पहुंचा। फाइनल में न्यू एरा क्रिकेट अकादमी ने निंबस क्रिकेट अकादमी को 3 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निंबस क्रिकेट अकादमी की टीम 43.2 ओवर में 195 रन पर सिमट गई। कप्तान हर्षवर्द्धन सिंह महरा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 80 रन (17 चौके) बनाए। निलाक्ष वत्स ने 68 और शौर्य शाह ने 50 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। न्यू एरा की ओर से श्रीजन रावत और प्रियांशु सिंह ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि रक्षित नेगी ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू एरा क्रिकेट अकादमी ने 44 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भव्य लखेरा ने 115 गेंदों में 81 रन (7 चौके, 1 छक्का) की संयमित और मैच जिताऊ पारी खेली। अविरल मिश्रा ने 42 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया, जबकि श्लोक रायकवार ने नाबाद 14 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान किए। समारोह में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा, पूर्व सचिव पी.सी. वर्मा, उपाध्यक्ष अजय पांडेय, कोषाध्यक्ष मानस मेंगवाल, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ दून के अध्यक्ष संदीप रावत, सहसचिव जितेंद्र सिंह सहित अनेक खेल पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
