चेहलुम जुलूस को लेकर ट्रैफिक प्लान तैयार, दोपहर दो बजे से बदला रहेगा रूट
देहरादून। चेहलुम के अवसर पर मंगलवार (4 अगस्त) को निकलने वाले जुलूस के मद्देनजर शहर में दोपहर 2 बजे से विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। जुलूस के दौरान चरणबद्ध तरीके से विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा, जबकि जुलूस के गुजरने के बाद संबंधित मार्गों को स्थिति के अनुसार तत्काल सामान्य कर दिया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार जुलूस के सर्वे चौक पहुंचने से पहले 3, 5, 8 और 2 नंबर रूट के विक्रमों के साथ ही प्रेमनगर और कैंट से आने वाले विक्रमों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। 3 नंबर विक्रम रेसकोर्स चौक से वापस भेजे जाएंगे, जबकि 5 और 8 नंबर विक्रम रेलवे गेट से लौटेंगे। 2 नंबर विक्रम, सिटी बस और व्यवसायिक वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से तथा प्रेमनगर व कैंट के विक्रमों को बिंदाल पुल से डायवर्ट किया जाएगा।
जुलूस के करनपुर से शुरू होने पर यूकेलिप्टिस चौक से सर्वे चौक और बेनी बाजार की ओर आने वाले वाहनों को घंटाघर की ओर मोड़ा जाएगा। इसी दौरान आराघर चौक और क्रॉस रोड पर भी यातायात नियंत्रित रहेगा। जुलूस के सर्वे चौक से रोजगार तिराहे की ओर बढ़ने पर सर्वे चौक से लैन्सडाउन चौक जाने वाले वाहनों को क्रॉस रोड की ओर भेजा जाएगा, जबकि मनोज क्लीनिक से कान्वेंट तिराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। कनक चौक से रोजगार तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को पैसिफिक तिराहे से सुभाष रोड होते हुए बेनी बाजार भेजा जाएगा। लैन्सडाउन चौक पर जुलूस पहुंचने से पहले बुद्धा चौक और दर्शन लाल चौक से किसी भी वाहन को लैन्सडाउन चौक की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं जुलूस के दर्शन लाल चौक की ओर बढ़ने से पहले तहसील चौक से सभी वाहनों को दून चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ओरिएंट चौक से घंटाघर आने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर तथा घंटाघर से दर्शन लाल चौक जाने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर मोड़ा जाएगा। बुद्धा चौक से भी दर्शन लाल चौक की ओर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा जुलूस के तहसील चौक पहुंचने से पहले प्रिंस चौक से आने वाले वाहनों को द्रोण होटल कट और आईजी कट होते हुए दून चौक की ओर भेजा जाएगा। दून चौक से भी किसी वाहन को तहसील चौक की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जुलूस के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर सहयोग करें। जुलूस के आगे बढ़ने के साथ ही संबंधित मार्गों पर यातायात स्थिति के अनुसार सामान्य कर दिया जाएगा।
