Thu. May 21st, 2026

ऑपरेशन प्रहार : राजपुर मर्डर केस का खुलासा, खूंखार शार्प शूटर गिरफ्तार

देहरादून। दून पुलिस ने करीब एक वर्ष पूर्व राजपुर क्षेत्र में हुए चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड का खुलासा करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे संपत्ति विवाद मुख्य वजह थी और इस साजिश में मृतक के सौतेले भाई की भूमिका भी उजागर हुई है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय बटेजा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। मामले में थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस को पश्चिमी यूपी के हिस्ट्रीशीटर अपराधी राजन उर्फ जैकी की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मुजफ्फरनगर क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक अजय बटेजा और उसके सौतेले भाई अमित बटेजा के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि अमित बटेजा ने राजन उर्फ जैकी को अजय को रास्ते से हटाने के बदले संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था। योजना के तहत आरोपी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ देहरादून पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।

बताया गया कि घटना वाली रात आरोपी ने पहले अजय बटेजा को शराब पिलाई और बाद में तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन आरोपी इसमें सफल नहीं हो सके। वारदात के बाद आरोपी मौके से सीसीटीवी की डीवीआर लेकर फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी राजन उर्फ जैकी पर सहारनपुर, शामली और आसपास के जिलों में हत्या, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। हत्याकांड के सफल खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल और एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *