Wed. Jun 3rd, 2026

खेत बचाओ अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश, किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाने पर जोर: कृषि मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने 1 जून से 30 जून तक संचालित किए जा रहे देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ के राज्य में सफल क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सांसदों, मंत्रियों, विधायकों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों को समयबद्ध रूप से पत्र भेजे जाएं।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष जागरूकता शिविर आयोजित कर किसानों को प्राकृतिक एवं संतुलित खेती के प्रति प्रेरित किया जाए तथा अभियान में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने एप्पल मिशन के अंतर्गत कृषकों को देय राजसहायता का भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेब पैकिंग बॉक्स की उपलब्धता एवं अन्य सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। ताकि सेब बागवानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने प्रदेशभर में पॉलीहाउस निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों ने बैठक में अवगत कराया कि भारत सरकार द्वारा घेरबाड़ योजना के लिए घोषित ₹90 करोड़ की राशि में से प्रथम किश्त के रूप में ₹25 करोड़ राज्य को प्राप्त हो चुके हैं।

इस पर कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि घेरबाड़ के लिए उपलब्ध बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक किसानों को इसका लाभ पहुंचाया जाए।बैठक में सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, कृषि एवं उद्यान महानिदेशक वंदना सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक उद्यान आर.के. सिंह, निदेशक कैप नृपेंद्र चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *