केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
देहरादून/रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध Kedarnath Temple में इस बार श्रद्धालुओं की आस्था नए रिकॉर्ड बना रही है। बाबा केदार के दर्शन के लिए रोजाना 28 से 30 हजार श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। कपाट खुलने के मात्र 30 दिनों के भीतर ही 7.5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अब तक करीब 30 हजार अधिक यात्री धाम पहुंच चुके हैं। 22 अप्रैल को विधि-विधान के साथ कपाट खुलने के बाद से ही यात्रा लगातार रफ्तार पकड़ रही है। \
देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण पूरा केदारपुरी क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज रहा है। प्रशासन और यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभाग भी यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवा भी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। अब तक 28 हजार से अधिक यात्री हेली सेवा के जरिए धाम पहुंच चुके हैं। वहीं घोड़ा-खच्चर सेवा का भी बड़ी संख्या में यात्री उपयोग कर रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु घोड़ा-खच्चर सेवा से यात्रा कर चुके हैं। यात्रा सीजन ने स्थानीय कारोबार को भी नई रफ्तार दी है। अनुमान है कि हेली सेवा से अब तक करीब 28 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है, जबकि होटल, रेस्टोरेंट, यात्रा सेवाओं और स्थानीय व्यापार को मिलाकर एक महीने में 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो चुका है।
जिलाधिकारी Vishal Mishra यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य, ट्रैफिक, पार्किंग और आवास व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।
