Tue. Jul 14th, 2026

हर्बल पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, मालाग्राम से सीएम धामी का बड़ा संदेश

देहरादून/पौड़ी। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण कर दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों तथा आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी अवलोकन किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देंगे, बल्कि औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेंगे। मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व के महत्व का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों तथा हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है।

यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *