‘आंगन का मिलन’ अभियान को लेकर प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने परखी तैयारियां
पिथौरागढ़। प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 25 सितंबर से शुरू होने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रभारी मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि “आंगन का मिलन” अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान की गंभीरता और व्यापकता को देखते हुए इसका वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आंगनबाड़ी बहनों, कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को उनके केंद्रों पर किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और महालक्ष्मी किट वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एवं लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यक्रमों की फोटो और वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर प्रतियोगिताओं का आयोजन करने को कहा। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं, इसलिए कोई भी केंद्र अभियान से अछूता नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को इसकी नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, महापौर कल्पना देवलाल, प्रदेश मंत्री दीपिका बोरा, जिला पंचायत सदस्य भावना लोहिया, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, जिलाधिकारी आशीष भटगाईं, एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी, डीपीओ निर्मल सिंह बसेड़ा, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
