विकास को रफ्तार: चिरबटिया कृषि महाविद्यालय के उन्नयन के लिए सरकार का भरोसा
देहरादून: पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री भरत सिंह चौधरी और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के कुलपति डॉ. परविंदर कौशल के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई।
कुलपति डॉ. कौशल ने मंत्री को विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक कार्यक्रमों तथा छात्र-छात्राओं से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में विशेष रूप से चिरबटिया स्थित पर्वतीय कृषि महाविद्यालय के विकास, आधारभूत संरचना और वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों की स्थिति पर गहन चर्चा की गई।
इस दौरान महाविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों, संसाधनों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुधार एवं विस्तार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। मंत्री श्री चौधरी ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि चिरबटिया महाविद्यालय में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. एस.पी. सती सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
