सेवा संकल्प अभियान- राजकीय पॉलिटेक्निक नरेंद्रनगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
टिहरी: उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल) द्वारा सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संस्थान स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा रक्तदान शिविर सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। संस्थान स्तर पर छात्र-छात्राओं के मध्य ‘विकसित भारत-2047’, ‘विकसित उत्तराखण्ड-2047’ एवं ‘स्वच्छता से भरा भारत’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
अभियान के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल), विशिष्ट अतिथि साकेत बिजल्वाण, सभासद, नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर तथा सचिन भण्डारी, नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, नवीन तकनीकों का सदुपयोग करने तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
संस्थान के प्रधानाचार्य ओमकार शर्मा द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
