Mon. Sep 28th, 2026

बारिश बनी परीक्षा, मातृशक्ति ने दिखाया हौसला; वैभव वालिया ने किया सम्मान

देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र  में कांग्रेस के युवा नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया की ओर से ‘मातृशक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में माताएं और बहनें कार्यक्रम में पहुंचीं। इस दौरान वैभव वालिया ने मातृशक्ति को सम्मानित किया। समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। जौनसार के पारंपरिक नाटी नृत्य, गढ़वाल के समूह नृत्य और कुमाऊंनी लोकगीत ‘कैले बाजे मुरली’ की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्तराखंडी संस्कृति के रंग भर दिए।

नंदा राजजात यात्रा का आकर्षक चित्रांकन भी प्रस्तुत किया गया। भारतीय सेना और मां भारती के संबंध को दर्शाती भावपूर्ण प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि मातृशक्ति परिवार की धुरी होने के साथ-साथ समाज और आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन माताओं और बहनों के त्याग, मेहनत, संघर्ष और स्वाभिमान को सम्मान देने का प्रयास है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वालिया ने धर्मपुर के भाजपा विधायक पर क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मपुर की जनता ने लंबे समय से जनप्रतिनिधित्व का अवसर दिया, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में सड़क, जलभराव, नालियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सवाल बने हुए हैं। वालिया ने दावा किया कि विधायक को अब तक करीब 50 करोड़ रुपये की विधायक निधि मिली है, जबकि उनके अनुसार धरातल पर इसके अनुरूप विकास कार्य दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि विधायक निधि और सरकारी संसाधनों से क्षेत्र को मिले बजट के उपयोग का जनता को हिसाब मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित जनप्रतिनिधि को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में अपने कार्यकाल की ठोस उपलब्धियां जनता के सामने रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपने जनप्रतिनिधियों से उनके कार्यों और उपलब्धियों का हिसाब मांगने का अधिकार है। धर्मपुर की जनता अब घोषणाओं के बजाय धरातल पर विकास कार्य देखना चाहती है। वालिया ने कहा कि कांग्रेस क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी। समारोह का उद्देश्य मातृशक्ति के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से आयोजन को सफल बताया गया।

कार्यक्रम में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद, प्रदेश प्रवक्ता मंजू त्रिपाठी, रेहाना परवीन, ललित भद्री, जमाल अहमद, इंदु थापा, आयुष नेहरा, गौतम नौटियाल सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *