Mon. Nov 16th, 2026

धारी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी पार्किंग की सुविधा, 100 वाहनों के लिए बनेगी दो मंजिला पार्किंग

देहरादून: उत्तराखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां धारी देवी मंदिर (Famous Siddhpeeth Maa Dhari Devi Temple) में आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसके लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए भूमि हस्तांतरण सहित प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया गतिमान है।

970x250 (Middle)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पार्किंग निर्माण के लिए भूमि चिह्नीकरण और भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

प्रस्तावित पार्किंग के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में भूमि चिह्नित की गई है। यह स्थल ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें लगभग 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी।

प्राधिकरण की ओर से चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी कराया जा चुका है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। परियोजना के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी ने सचिव, आवास, उत्तराखंड शासन को प्रस्ताव भेजा है।

कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद प्रस्तावित स्थल का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों, मजबूती और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा सके। हालांकि, परियोजना के निर्माण से पहले भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है।

चिह्नित भूमि वर्तमान में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम अभिलेखों में दर्ज है और इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है। भूमि हस्तांतरण के लिए संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किया जाना है। एनओसी मिलने के बाद भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की कार्यवाही की जाएगी।

गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेष रूप से चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से कई बार सड़क किनारे वाहनों की अनियोजित पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। ऐसे में प्रस्तावित आधुनिक पार्किंग के निर्माण से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलने के साथ ही मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी सुगम होने की उम्मीद है।

राज्य सरकार की इस पहल को धार्मिक पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्किंग सुविधा विकसित होने से मां धारी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *