टिहरी परिसर में पहली बार आयोजित अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता
टिहरी गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, बादशाही थौल, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में महाविद्यालय स्तरीय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन विकास भवन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल एवं परिसर निदेशक प्रोफेसर ए.ए. बौड़ाई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सभी प्रतिभागी टीमों एवं खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने भारतीय बैडमिंटन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है, उसी प्रकार सभी खिलाड़ी भी भविष्य में अपने जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करें। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर राकेश गोदियाल ने विश्वविद्यालय एवं परिसर प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन टिहरी परिसर में किया जा रहा है।
इसके लिए परिसर परिवार के सभी आयोजक सदस्य बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां आयोजित इस सुंदर प्रतियोगिता से अन्य विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी। परिसर निदेशक प्रोफेसर ए. ए. बौडाई ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों, अतिथियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजक सचिव प्रोफेसर के. सी. पेटवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 14 नवंबर को पुरुष वर्ग की अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन भी टिहरी परिसर में किया जाएगा।
प्रतियोगिता का पहला मैच एचआईटी एवं डीबीएस कॉलेज के मध्य खेला गया, जिसमें डीबीएस कॉलेज ने 15-10 एवं 15-10 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहला सेमीफाइनल मुकाबला टिहरी परिसर एवं डीबीएस कॉलेज देहरादून के मध्य खेला गया। इसमें डीबीएस कॉलेज ने 15-12 एवं 15-13 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून को 15-9 एवं 15-10 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून को 15-8 एवं 15-10 से पराजित कर अंतर महाविद्यालय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता की चैंपियनशिप अपने नाम की।
इस अवसर पर प्रोफेसर डी. एस. कैन्तुरा, प्रोफेसर आर. सी. रमोला, प्रोफेसर पी. डी. सेमवाल, प्रोफेसर जी. डी. एस. नेगी, प्रोफेसर यू. एस. नेगी, विश्वविद्यालय से आए डॉ. मोहित बिष्ट, डॉ. दिनेश रावत, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. हंसराज बिष्ट, डॉ. वंदना डोभाल, संदीप रावत, भगत सिंह चौहान, रवि नेगी, दिनेश ममगाईं, अजय नेगी, विनायक मंडल के सदस्य अमित सरियाल, राजीव पेटवाल, पारस राणा, राजेश रावत, जयपाल राणा, अंश बिष्ट, राजीव कुमार सहित महिला एवं पुरुष वर्ग की विभिन्न टीमों के खिलाड़ी उपस्थित रहे।

