Thu. Nov 12th, 2026

गढ़वाल विश्वविद्यालय में ‘एआई इन एजुकेशन’ पर छः दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

एआई इन एजुकेशन

श्रीनगर(गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र द्वारा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एजुकेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई इन एजुकेशन) : रीशेपिंग टीचिंग, रिसर्च, इनोवेशन एंड कोलैबोरेशन फॉर इंस्टीट्यूशनल ट्रांसफॉर्मेशन’ विषय पर सात दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 12 नवंबर को हुआ। सात दिवसीय इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से 38 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के शिक्षा, शोध, नवाचार एवं संस्थागत विकास में उपयोग पर व्याख्यान एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

970x250 (Middle)

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं वक्ता प्रो. टी. वी. विजय कुमार, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, प्रो. मनु प्रताप सिंह, निदेशक, इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा तथा विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. डी. एस. नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एआई इन एजुकेशन, इंस्टीट्यूशनल एआई ट्रांसफॉर्मेशन, एआई इन एनईपी 2020 : विजन फॉर हायर एजुकेशन, जनरेटिव एआई फॉर टीचिंग, एआई फॉर रिसर्च एंड इनोवेशन, मशीन लर्निंग एंड डेटा एनालिटिक्स तथा एथिकल एआई एंड गवर्नेंस जैसे समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने, शोध कार्यों में एआई के उपयोग, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में एआई आधारित परिवर्तन की संभावनाओं जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रो. टी. वी. विजय कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के बीच के मूलभूत अंतर को सहज एवं प्रभावशाली ढंग से स्पष्ट किया। उन्होंने मानव जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में दोनों की उपयोगिता एवं महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग मानवीय विवेक और रचनात्मकता के साथ किया जाना चाहिए। वहीं, प्रो. मनु प्रताप सिंह ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की व्यावहारिक उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने शिक्षा, शोध एवं दैनिक कार्यों में एआई के प्रभावी उपयोग के विभिन्न पहलुओं को समझाया। विशेष रूप से प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि एआई से अपेक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण परिणाम प्राप्त करने के लिए सही प्रश्न पूछने तथा प्रभावी निर्देश देने की कला विकसित करना आवश्यक है।

उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग की उपयोगिता को समझाया। मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. डी. एस. नेगी ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो श्रीप्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में चल रहे इस कार्यक्रम को विशेषरूप से ऑफलाइन रखा गया है। कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता उच्च शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन ला रही है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के एआई कौशल संवर्धन के साथ-साथ शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों में इसके प्रभावी उपयोग की समझ विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का यह प्रयास उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने तथा शिक्षकों को भविष्य की तकनीकी एवं शैक्षणिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. वरुण बड़थ्वाल ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को एआई के व्यावहारिक उपयोग के साथ-साथ शिक्षण, शोध, नवाचार एवं संस्थागत परिवर्तन के लिए इसकी संभावनाओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को ऐसे कौशल एवं तकनीकी समझ प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे अपने-अपने संस्थानों में एआई आधारित शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू कर सकें।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता भट्ट, प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव, एमएमटीटीसी एवं विभागाध्यक्ष, दर्शनशास्त्र विभाग द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाते हुए वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के बीचप्रभावी संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राहुल कुंवर, संयुक्त निदेशक, एमएमटीटीसी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रो. पूजा सकलानी, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. गंभीर कठेत, डॉ. कपिल पंवार, श्री विनय प्रसाद टम्टा एवं डॉ. डी. के. राणा तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी सहित एमएमटीटीसी के स्टाफ के रूप में पूनम रावत और अनिल कठैत ने विशेष सहयोग किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *