Sat. Sep 26th, 2026

ग्राफिक एरा में बिखरा पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद

देहरादून। ग्राफिक एरा में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली और नेपाली थाली के साथ हिमालयी क्षेत्र के जायकों को प्रस्तुत किया। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में हिमालयन फूड फेस्ट का आयोजन किया गया। फूड फेस्ट में छात्र-छात्राओं ने हिमालयी क्षेत्र के पारंपरिक जायकों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया। इस फेस्ट में तैयार किए गए व्यंजन कौशल ज्योति योजना के तहत होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण ले रहे छात्र-छात्राओं ने बनाए।

इस योजना के तहत उत्तराखंड के गरीब परिवारों के बच्चों को निशुल्क होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी जा रही है। फूड फेस्ट में गढ़वाली थाली तैयार की गई, जिसमें दाल की पकौड़ी, भांग की चटनी, स्वाले, फाणु, आलू के गुटके, कुमाऊंनी रायता और झंगोरे की खीर शामिल रही। वहीं नेपाली थाली में सेल रोटी, गुरखाली चटनी और मोमो के जरिए नेपाली खान-पान की विविधता को प्रस्तुत किया गया।

इसके साथ हिमालयन मॉकटेल्स में बुरांश और माल्टा जैसे पहाड़ी फलों का इस्तेमाल कर पारंपरिक स्वाद को नए अंदाज में पेश किया गया। इस फूड फेस्टिवल का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट ने किया। कार्यक्रम में डिपार्टमेंट हेड डा. अमर डबराल के साथ अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *