Sat. Aug 22nd, 2026

गरीबों की थाली से रोटी व प्याली से चाय की मिठास गायब- धस्माना

देहरादून: केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति के कारण मिलावट वाला पेट्रोल और आसमान छूती चीनी की कीमतों के खिलाफ आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एआईसीसी सदस्य व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ के नारे लगाते हुए काफी देर तक पेट्रोल पंप के सामने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि केंद्र सरकार के संरक्षण में बनी एथेनॉल नीति के कारण जनता को एथेनॉल मिला हुआ पेट्रोल अपनी गाड़ियों में भरवाना पड़ रहा है, जिसके कारण दो पहिया, तीन पहिया व चार पहिया पेट्रोल वाहनों के इंजन खराब हो रहे हैं। वहीं, क्योंकि एथेनॉल गन्ने से बनता है और इसके कारण गन्ने की कमी शुगर फैक्ट्रियों में हो गई है, जिससे चीनी का उत्पादन घट गया है और देश में चीनी पिछले एक पखवाड़े में 20 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से देश भर में महंगाई लगातार बढ़ रही है, किंतु जिस प्रकार से केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति से पेट्रोल उपभोक्ता और चीनी का उपयोग करने वाला हर व्यक्ति आज त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहा है, वह अत्यंत चिंताजनक है। मोदी सरकार ने पहले हर नागरिक की थाली से भोजन छीन लिया और अब तो गरीब की प्याली से चाय की मिठास भी छीन ली है।

धस्माना ने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में शीघ्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में मिलावटी पेट्रोल और महंगी चीनी के खिलाफ प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू करेगी और प्रदेश के हर जनपद, हर शहर, हर ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर प्रदर्शन व धरने आयोजित करेगी। प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल पंप पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शन में प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, पार्षद संगीता गुप्ता, पार्षद मुकीम अहमद, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर, पूर्व पार्षद राजेश उनियाल, पूर्व पार्षद इलियास अंसारी, सुशीला शर्मा, कमर सिद्दीकी, एडवोकेट विनोद कुमार, आनंद सिंह पुंडीर, यामीन खान, पूनम पुंडीर, अनिता दास, सुशील डोभाल, सोनू काजी, प्रमोद गुप्ता, अनुराग गुप्ता, नोहर सिंह, चंद्रपाल, धर्मपाल घाघट, गगन दीप, रईस कसार, फरजंद अली, वीरेश कुमार, विलियम भाई, दीपक गुप्ता, रोहित कुमार, आयुष सिंह, प्रीति कौर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *