Sat. May 23rd, 2026

टॉपर्स सम्मान समारोह में छात्रों को मेहनत और सफलता का मिला मंत्र

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा सामाजिक दायित्व के अंतर्गत आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय एवं श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज छात्रसंघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में दून के 30 से अधिक विद्यालयों के करीब 350 टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से खिल उठे।

शनिवार को विश्वविद्यालय के पटेल नगर कैंपस स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलदीप बुटोला, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन एवं कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि कुलदीप बुटोला ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 12वीं के बाद करियर एवं पाठ्यक्रम का चयन जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है।

विद्यार्थियों को अपनी क्षमता, रुचि और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सही दिशा का चयन करना चाहिए। कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि वर्तमान समय कौशल आधारित शिक्षा का है और विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसे पाठ्यक्रम उपलब्ध करा रहा है, जो बाजार की मांग एवं वैश्विक अवसरों के अनुरूप हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल डिग्री तक सीमित न रहकर अपनी प्रतिभा, नवाचार एवं व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करने का आह्वान किया।

कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा एवं उत्कृष्टता के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। इस अवसर पर यशवंत पंवार, कुलदीप पंत, अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी महक चौहान तथा छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुंवर ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश दिए।

कार्यक्रम में सोशल विवेकानंद स्कूल, स्वामी विवेकानंद स्कूल, जीआरडी निरंजनपुर, सीएनआई, एसजीएनपी, एसबीएन एकेडमी, एसआरडी बहुगुणा स्कूल, विलफील्ड स्कूल, दि हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, फिलफोर्ट स्कूल सहित 30 से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुंवर एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *