आवासीय सोसायटी और मुहल्लों में लगाए जाएंगे एसआईआर के विशेष शिविर
देहरादून, आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर राज्य निर्वाचन तंत्र सक्रिय हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, ईआरओ एवं एईआरओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में SIR अभियान की तैयारियों, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा बूथ स्तर पर किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में बूथ लेवल एजेंट (BLA) की तैनाती शत-प्रतिशत नहीं हुई है, वहां जिलाधिकारी राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक कर जल्द नियुक्ति सुनिश्चित करें। साथ ही नियुक्त बीएलए को आवश्यक प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि जिन जिलों में बड़ी आवासीय सोसायटी और घनी आबादी वाले मुहल्ले हैं, वहां विशेष कैंप लगाए जाएं। इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) हाउस-टू-हाउस सत्यापन के दौरान अनिवार्य रूप से निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र पहनकर ही क्षेत्र में जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति न हो। बैठक में प्रशिक्षण मॉड्यूल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इसके अलावा गणना प्रपत्रों की छपाई, लॉजिस्टिक व्यवस्था तथा वितरण योजना को लेकर भी सभी जनपदों से फीडबैक लिया गया।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
