Tue. Aug 4th, 2026

SIR नोटिसों को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी, कैंट विधानसभा में मंथन

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने देहरादून की कैंट विधानसभा के विजय पार्क क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत जारी नोटिसों के समाधान को लेकर बैठक आयोजित की। बैठक में बीएलओ, क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए SIR नोटिसों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने, दस्तावेज़ी प्रक्रिया को सरल बनाने तथा नोटिसों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के लिए सुझाव साझा किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में SIR अभियान के तहत लगभग 47,711 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में जारी नोटिसों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर पहुंचकर प्रभावित मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन, दस्तावेज़ी सहायता और हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता केवल तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित और सही होना अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस अभियान के माध्यम से बूथ स्तर पर मतदाताओं की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस नेता अमन बत्रा सहित क्षेत्र के नागरिकों, बीएलओ एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *