राणा शूटिंग अकादमी में शुरू हुई प्री स्टेट प्रतियोगिता, निशानेबाजों में उत्साह
देहरादून। उत्तराखंड में शूटिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “2nd Pre State Uttarakhand Shooting Championship 2026” का आयोजन देहरादून स्थित राणा शूटिंग अकादमी में किया जा रहा है। 12 मई से 15 मई तक चलने वाली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 500 से अधिक शूटर प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तराखंड राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण सिंह राणा तथा महासचिव सुभाष राणा ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता में अब तक लगभग 300 खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपना प्रदर्शन कर चुके हैं। चैंपियनशिप में 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल प्रतियोगिताओं के साथ 12 बोर शॉटगन स्पर्धाएं भी आयोजित की जा रही हैं। अनुभवी कोचों और अधिकारियों की निगरानी में सभी मुकाबले सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहे हैं। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में शूटिंग खेल को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
उत्तराखंड राइफल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करेंगी और आने वाले समय में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में अशोक कुमार शाही, रोहित प्रजापति, अनुज पोखरियाल, नैना राणा, अनिल कवि, रजत शर्मा, सुरेंद्र सिंह, मोहित सहारावत, सूरज विष्ट एवं परम सहित अनेक पदाधिकारी और स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
