पेपर लीक और परीक्षा रद्द होना सरकार की विफलता का संकेत : गणेश गोदियाल
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द किए जाने के निर्णय को देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा रद्द होने का मामला नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की विफल और असंवेदनशील परीक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
गणेश गोदियाल ने जारी बयान में कहा कि लाखों विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत, मानसिक तनाव और परिवारों के आर्थिक त्याग के बाद NEET परीक्षा में भाग लिया था। उत्तराखंड के लगभग 21 हजार विद्यार्थियों ने भी परीक्षा दी थी, लेकिन परीक्षा रद्द होने से छात्रों एवं अभिभावकों को भारी मानसिक, आर्थिक और भावनात्मक आघात पहुँचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi “परीक्षा पे चर्चा” तो करते हैं, लेकिन उनकी सरकार परीक्षा की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। गोदियाल के अनुसार पिछले दस वर्षों में देशभर में अनेक पेपर लीक की घटनाएँ सामने आईं तथा कई परीक्षाओं को दोबारा आयोजित करना पड़ा, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नकल माफिया, भ्रष्ट अधिकारियों और राजनीतिक संरक्षण के बिना इस प्रकार के संगठित अपराध संभव नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का साक्षी रहा है। पिछले वर्षों में कई भर्ती परीक्षाएँ प्रश्नपत्र लीक, परिणामों में देरी तथा भाई-भतीजावाद के आरोपों को लेकर विवादों में रहीं। कई मामलों में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की संलिप्तता भी सामने आई, जिससे भर्ती प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और उनके भविष्य के साथ विश्वासघात है। देश का युवा अपने परिश्रम के आधार पर अवसर चाहता है, लेकिन सरकार पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में असफल रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने, छात्रों एवं अभिभावकों को हुई क्षति की भरपाई करने, पुनर्परीक्षा के लिए पर्याप्त समय एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार लागू करने की मांग की।
अंत में गोदियाल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पार्टी देश और प्रदेश के प्रत्येक छात्र-युवा के साथ मजबूती से खड़ी है।
