Mon. Aug 3rd, 2026

राष्ट्रीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार, उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने बनाई रणनीति

देहरादून: उत्तरांचल पंजाबी महासभा, जिला देहरादून महानगर की ओर से  गुरु रोड स्थित मान भवन वेडिंग प्वाइंट में 14 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित होने वाले ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला देहरादून महानगर अध्यक्ष बलदेव पराशर ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री गोविंद मोहन ने किया। बैठक में विभिन्न गुरुद्वारा एवं मंदिर प्रबंधन समितियों, पंजाबी बिरादरी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक में सभी प्रतिभागियों से सुझाव आमंत्रित किए गए तथा अपने-अपने संगठनों, परिवारों एवं समाज के अधिक से अधिक लोगों को 14 अगस्त को हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष बलदेव पराशर ने कहा कि ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ उन लाखों परिवारों के संघर्ष, बलिदान और पीड़ा को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन के दौरान असहनीय कष्ट झेले। उन्होंने सभी धार्मिक, सामाजिक एवं सामुदायिक संगठनों से कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील की।

जिला महामंत्री गोविंद मोहन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए हरिद्वार में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और प्रत्येक क्षेत्र से अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री जी.एस. आनंद, प्रदेश कोषाध्यक्ष पी.एस. कोचर सहित प्रदेश, जिला एवं महानगर इकाइयों के पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी से जुड़ी स्मृतियों और सीख को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। सभी उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सामूहिक सहयोग से 14 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित होने वाला कार्यक्रम भव्य, गरिमामय एवं यादगार बनेगा। अंत में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विजय कुमार कथूरिया ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मान भवन वेडिंग प्वाइंट प्रबंधन का उत्कृष्ट व्यवस्थाओं एवं आतिथ्य के लिए विशेष धन्यवाद देते हुए विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *