समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान ही दिलाएगा 2027 में जीत : संदीप राणा
उत्तरकाशी। भाजपा नेता संदीप राणा ने संगठन में वर्षों से समर्पित भाव से कार्य कर रहे पुराने एवं बेदाग कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। ऐसे में संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलना आवश्यक है।
संदीप राणा ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और इसकी वास्तविक शक्ति बूथ स्तर तक कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक एवं सरकारी दायित्वों के निर्धारण में पार्टी के प्रति निष्ठा, संघर्ष, कार्यशैली और योगदान को प्रमुख आधार बनाया जाना चाहिए। लंबे समय से पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित अवसर मिलने से संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पूर्व में पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किया गया था, उन्हें पुनः संगठनात्मक पदों अथवा सरकारी दायित्वों में स्थान देने से बचना चाहिए।
ऐसा करने से वर्षों से पार्टी के लिए कार्य कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित होता है तथा संगठन में गलत संदेश जाता है। अन्य राजनीतिक दलों से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए राणा ने कहा कि उन्हें पहले पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा और संगठनात्मक संस्कृति को समझते हुए कार्य करना चाहिए। इसके उपरांत ही उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए लंबे समय तक संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर नए लोगों को सीधे बड़े पद देना उचित नहीं माना जा सकता।
यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए संदीप राणा ने कहा कि यदि पुराने, कर्मठ और स्वच्छ छवि वाले कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाता है तो इसका सकारात्मक प्रभाव आगामी विधानसभा चुनावों में दिखाई देगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होने पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त कर सकती है।
राणा ने कहा कि भाजपा की सफलता का मूल आधार संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं का समर्पण है। इसलिए संगठन को ऐसे निर्णय लेने चाहिए, जिनसे जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़े और पार्टी की पकड़ समाज के प्रत्येक वर्ग तक और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठनात्मक मूल्यों की रक्षा के साथ भाजपा आने वाले समय में और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।
