Wed. Aug 5th, 2026

लखवाड़-व्यासी परियोजनाओं का राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण ने किया निरीक्षण

देहरादून: भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के सदस्य नीति एवं अनुसंधान  प्रमोद नारायण ने यूजेवीएन लिमिटेड की यमुना नदी पर निर्माणाधीन 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना तथा परिचालनाधीन 120 मेगावाट की व्यासी जलविद्युत परियोजना का विस्तृत निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, बांध सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं परियोजनाओं के सुरक्षित संचालन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।

लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निरीक्षण के दौरान श्री प्रमोद नारायण ने परियोजना की वर्तमान प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना की कार्यदायी संस्था एल एंड टी (L&T) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य एवं क्षेत्र की ऊर्जा और जल संसाधन आवश्यकताओं की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से बांध सुरक्षा अधिनियम, 2021 के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि परियोजना निर्माण के दौरान सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप किए जाएं। साथ ही उन्होंने निर्माण स्थल पर कार्यरत अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों एवं श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, आवश्यक उपकरणों तथा सभी वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

अपने भ्रमण के दौरान  प्रमोद नारायण ने व्यासी जलविद्युत परियोजना के जुड्डो स्थित बांध का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बांध के विभिन्न संरचनात्मक अवयवों, जल निकासी एवं नियंत्रण व्यवस्थाओं, आपातकालीन चेतावनी प्रणाली, बांध सुरक्षा उपकरणों तथा अनुरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने बांध के सुरक्षित परिचालन एवं प्रभावी अनुरक्षण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बांधों की दीर्घकालिक सुरक्षा एवं विश्वसनीय संचालन के लिए नियमित निरीक्षण, समयबद्ध अनुरक्षण तथा आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारियों ने परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा उपायों एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। अपने भ्रमण के दौरान श्री प्रमोद नारायण ने लखवाड़ परियोजना क्षेत्र में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक परिचालन  जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक  राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक  संजय जोशी एवं  सुजीत कुमार सिंह, उपमहाप्रबंधक  हेमंत श्रीवास्तव एवं  संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता एवं परियोजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *