Wed. Jun 10th, 2026

मसूरी हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, चार लोगों की सांसें अटकीं

देहरादून/मसूरी। मसूरी के झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक सेलेरियो  कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार में चार लोग सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस, SDRF और 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम होने के साथ ही खाई में घनी झाड़ियां होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा समाया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी। SDRF की टीम रस्सियों और विशेष उपकरणों की सहायता से खाई में उतरकर वाहन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।  राहत एवं बचाव अभियान जारी था। कार सवारों की स्थिति के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है।

प्रशासन ने बताया कि प्राथमिकता वाहन में फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंचकर उन्हें बाहर निकालने की है। हादसे के कारण क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी है। मसूरी-कोलूखेत मार्ग से जुड़े इस हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय सड़कों पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *